जोश, जुनून और जज़्बे की गूंज: धनपुरी बना अखिल भारतीय फुटबॉल का रणक्षेत्र
गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट–2026 के दूसरे दिन रोमांच चरम पर, स्टेडियम तालियों से गूंज उठा
धनपुरी।नगर पालिका परिषद धनपुरी के तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट–2026 का दूसरा दिन खेलप्रेमियों के लिए अविस्मरणीय बन गया। सुभाष स्टेडियम क्रमांक–03 में जैसे ही खिलाड़ियों ने मैदान संभाला, पूरा वातावरण जोश, जुनून और उत्साह से सराबोर हो उठा। दर्शकों की गगनभेदी तालियों और नारों के बीच मुकाबले रोमांच की पराकाष्ठा तक पहुंचे।
दिन के पहले मुकाबले में चर्चा कोरिया (छत्तीसगढ़) की सशक्त टीम ने अपने आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए पुलिस बालाघाट को 4–0 के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। तेज रफ्तार आक्रमण, सटीक पासिंग और अनुशासित रणनीति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वहीं दूसरे मुकाबले में एमईजी बैंगलोर और आर.के. नारायणपुर आश्रम (छत्तीसगढ़) के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंततः एमईजी बैंगलोर ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में 1–0 से जीत दर्ज कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
गरिमामयी उपस्थिति ने बढ़ाया आयोजन का गौरव
द्वितीय दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में शंकर राव बरगट (जेसीसी सदस्य, इंटक), तरुण रावत (हॉकी टीम कप्तान, एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र), गोविंद अग्रवाल (पूर्व डीएफएफ पदाधिकारी) एवं प्रकाश चौधरी (वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी) उपस्थित रहे।
वहीं द्वितीय पाली में नगर पालिका परिषद धनपुरी की अध्यक्ष श्रीमती रविन्दर कौर छाबड़ा, उपाध्यक्ष हनुमान प्रसाद खंडेलवाल, सभापति एवं पार्षदगणों की गरिमामयी मौजूदगी ने आयोजन को और गरिमा प्रदान की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
03 जनवरी को होंगी जबरदस्त भिड़ंतें
टूर्नामेंट के अगले चरण में 03 जनवरी 2026 को दर्शकों को दो बड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे—
चर्चा कोरिया (छ.ग.) बनाम जम्मू-कश्मीर
नागपुर रेलवे बनाम चेन्नई पुलिस
जनसैलाब बना गवाह
धनपुरी ही नहीं, बल्कि बुढ़ार, अमलाई, संजयनगर, बकहो, बरगवां, बंगवार, सरईकापा, गोपालपुर, करकटी और खैरहा सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों खेल प्रेमी स्टेडियम पहुंचे। खचाखच भरे स्टेडियम में गूंजती तालियों और नारों ने खिलाड़ियों के हौसले कई गुना बढ़ा दिए।
आयोजकों को पूर्ण विश्वास है कि आने वाले मुकाबलों में भी इसी तरह का जनसमर्थन मिलेगा और धनपुरी एक बार फिर राष्ट्रीय फुटबॉल मानचित्र पर अपनी सशक्त पहचान दर्ज कराएगा।
यह आयोजन न केवल खेल प्रतियोगिता है, बल्कि क्षेत्र की खेल चेतना और युवा ऊर्जा का जीवंत उत्सव बन चुका है।





