फर्जी डीएसपी गिरफ्तार, नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी

तेघड़ा : पुलिस वर्दी पहनकर खुद को डीएसपी बताने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बिहार पुलिस में दरोगा की नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से ठगी करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि उसने एक युवक से करीब 20 लाख रुपये की ठगी की थी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से इस ठगी के खेल को अंजाम दे रहा था। पीड़ित द्वारा बार-बार रुपये वापस मांगने पर आरोपी बहाने बनाता रहा और गाली-गलौज कर दबाव भी बनाता था। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि 22 नवंबर को तेघड़ा थाना में इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी तेघड़ा थाना क्षेत्र के वनहारा गांव निवासी अभिषेक कुमार द्वारा दर्ज कराई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि रिफाइनरी थाना क्षेत्र के मोसादपुर गांव निवासी नारायण महतो के पुत्र करण कुमार ने दरोगा की नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग चेक के माध्यम से उनसे रुपये लिए थे।
डीएसपी ने बताया कि करण कुमार अपने चार पहिया वाहन पर पुलिस का स्टीकर लगाकर और पुलिस वर्दी पहनकर घूमता था। इसी दौरान जब उसके खिलाफ वर्दी पहनने और वाहन पर पुलिस स्टीकर लगाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज हुई, तब अभिषेक कुमार को पता चला कि करण कुमार कोई अधिकारी नहीं, बल्कि फर्जी डीएसपी है। इसके बाद पीड़ित ने तेघड़ा थाना में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल, तेघड़ा डीएसपी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी करण कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




