आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धा भाव से किया दर्शन, मंदिर निर्माण की सराहना

लखनऊ : आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आज अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन किए। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत हुआ, जहां उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री नायडू श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर पहुंचे और लगभग साढ़े तीन घंटे तक वहाँ रहे। उन्होंने यज्ञशाला में चल रहे वैदिक अनुष्ठानों में भाग लिया और भगवान श्रीरामलला का पूजन किया। इस दौरान वे पूरी श्रद्धा और भक्ति में लीन दिखे।
दर्शन के बाद, उन्होंने मंदिर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और उसकी भव्यता, शिल्पकला, और वास्तुकला की सराहना की। मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि अयोध्या आना उनके लिए एक अद्वितीय और आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को राष्ट्र की आस्था और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताते हुए कहा कि इससे पहले वे 22 जनवरी 2024 को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय भी अयोध्या आए थे और आज फिर से दर्शन कर स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।




