RAJGARH

ऑपरेशन शुद्धि : राजगढ़ पुलिस ने तोड़ा एमडी ड्रग्स का अंतर्राज्यीय जाल आठ दिन, चार बड़ी कार्रवाइयां और 30 करोड़ का नशे का कारोबार ध्वस्त

सरगना समेत पांच गिरफ्तार, 21.510 किलो एमडी ड्रग्स और 309 किलो से अधिक केमिकल जप्त


राजगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई को अंजाम देते हुए एमडी ड्रग्स के अंतर्राज्यीय निर्माण एवं तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आठ दिनों तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने तैयार एमडी ड्रग्स, भारी मात्रा में रॉ मटेरियल, केमिकल, वाहन और उपकरण जप्त कर करीब 30 करोड़ रुपये के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार किया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी खिलचीपुर श्री डी.व्ही.एस. नागर के मार्गदर्शन में थाना माचलपुर पुलिस द्वारा की गई।
पहला सुराग : गांव में चल रही थी ड्रग्स फैक्ट्री
दिनांक 4 फरवरी 2026 को जिला झालावाड़ (राजस्थान) की विशेष टीम से मिली पुख्ता सूचना पर थाना माचलपुर पुलिस ने ग्राम गोघटपुर में दबिश दी। यहां आरोपी रघुनंदन पाटीदार द्वारा खेत-खलिहानों के बीच छिपाकर एमडी ड्रग्स का अवैध निर्माण किया जा रहा था। पुलिस को देखकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया और अपनी फॉर्च्यूनर वाहन मौके पर छोड़ गया।
मौके से पुलिस ने 43 किलोग्राम रॉ मटेरियल, केमिकल और ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त उपकरण जप्त किए, जिनकी कीमत करीब 4 करोड़ रुपये आंकी गई। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
दूसरा खुलासा : पुलिस के दबाव में जंगल बना डंपिंग ग्राउंड
पुलिस की कार्रवाई से घबराए गिरोह के सदस्यों ने 7 फरवरी 2026 को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आदमपुरा के जंगल क्षेत्र में ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाला केमिकल फेंक दिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां खेत की खंती में नीले रंग के पांच ड्रम पड़े मिले।
जांच में पाया गया कि ड्रमों में 266.900 किलोग्राम केमिकल भरा था, जिसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई गई। इस पर अलग से प्रकरण दर्ज किया गया।
सीसीटीवी बना कड़ी, वाहन से खुला राज
घटना की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। ग्राम रामगढ़ स्थित एक दुकान के कैमरे में सिल्वर रंग की वैगनआर कार (RJ02CF2543) संदिग्ध गतिविधियों में नजर आई।
वाहन के रजिस्ट्रेशन के आधार पर पुलिस ने ब्राह्मणगांव क्षेत्र में घेराबंदी कर कार को रोका। वाहन सवार दिनेश ललित और रामेश्वर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्हें दीपक गुर्जर ने केमिकल से भरे ड्रम जंगल में फेंकने के निर्देश दिए थे।
निर्णायक वार : सरगना गिरफ्तार, एमडी ड्रग्स बरामद
दिनांक 11 फरवरी 2026 को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपक (29 वर्ष) निवासी ग्राम अरनिया को ग्राम माणा के पास से पकड़ा। कानूनी प्रक्रिया के तहत उसके घर की तलाशी ली गई, जहां किचन में रखे कार्टून से 10.160 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई।
इसके बाद दीपक की निशानदेही पर फरार आरोपी रघुनंदन पाटीदार को राजस्थान के बरखेड़ा खुर्द क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। उसकी बताई जगह पर खेत से 11.350 किलोग्राम एमडी ड्रग्स और जप्त की गई।
आंकड़ों में पूरी कार्रवाई
तैयार एमडी ड्रग्स : 21.510 किलोग्राम
रॉ मटेरियल / केमिकल : 309 किलोग्राम से अधिक
कुल अनुमानित कीमत : करीब 30 करोड़ रुपये
गिरफ्तार आरोपी : 5
जब्त वाहन : वैगनआर, फॉर्च्यूनर सहित अन्य
नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है। एमडी ड्रग्स के निर्माण, भंडारण, परिवहन और अंतर्राज्यीय सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button