उत्तराखंड : देहरादून जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया

देहरादून : जिलाधिकारी सविन बंसल ने हरिद्वार रोड स्थित स्मार्ट सिटी लिमिटेड परियोजना अन्तर्गत निर्माणाधीन ग्रीन बिल्डिंग का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने ग्रीन बिल्डिंग की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा जून, 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रीन बिल्डिंग मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में से एक है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने निर्माण स्थल पर उपलब्ध समस्त सुविधाओं, सामग्री, श्रमिकों की संख्या एवं कार्यगति का विस्तृत अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने पाया कि कार्य में अनावश्यक विलंब हो रहा है, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अगले छ: माह के भीतर निर्माण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि समयसीमा में कार्य पूरा न होने की स्थिति में विभागीय स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता, पर्यावरण अनुकूल तकनीक एवं सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य प्रगति की साप्ताहिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।




