उत्तराखंड

उत्तराखंड: राज्यपाल ने की सहकारिता मेले के समापन समारोह में शिरकत

देहरादून: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर रेंजर्स ग्राउण्ड देहरादून में आयोजित सहकारिता मेले के समापन समारोह में शिरकत की। राज्यपाल ने मेले में विभिन्न स्टालों का अवलोकन करने के साथ-साथ सभा को संबोधित भी किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि सहकार का अर्थ है मिलकर कार्य करना। सहकारिता आंदोलन एक के लिए सब और सब के लिए एक की धारणा को परिलक्षित करता है। जहाँ ‘मैं’ खत्म होता है, वहीं से ‘हम’ शुरू होता है, और उसी का नाम है सहकारिता। उन्होने कहा कि हमारे देश में सहकारिता कोई नई अवधारणा नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन दर्शन का अभिन्न अंग रहा है। राज्यपाल ने कहा कि हमारे यहाँ प्राचीन काल से ही समूह जीवन की परंपरा रही है।

ग्रामसभा, पंचायती व्यवस्था, सिंचाई के लिए सामूहिक तालाब, मंदिर एवं विद्यालय निर्माण हेतु सामूहिक योगदान- ये सब सहकारिता की ही देन हैं। उन्होने कहा कि सहकारिता केवल उत्पादन या वितरण तक सीमित नहीं, यह गरीबी उन्मूलन, लैंगिक समानता, सतत आजीविका, खाद्य सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे 17 सतत विकास लक्ष्यों की पूर्ति में सीधा योगदान देती है।

Related Articles

Back to top button