बुजुर्ग किसान मुन्ना सिंह धान विक्रय कर बनाएँगे अपना घरआमदनी से करेंगे सपना पूरा


रायपुर, 27 नवंबर 2025/ मोहला – मानपुर – अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम एकटकन्हर निवासी बुजुर्ग किसान श्री मुन्ना सिंह अपने 2 एकड़ खेत में वर्षों से मेहनत कर धान की खेती कर रहे हैं। इस बार अच्छी पैदावार होने के बाद वे धान बेचने उपार्जन केंद्र पहुँचे, जहाँ की सुव्यवस्थित व्यवस्था और सरल प्रक्रिया ने उनका मन जीत लिया।
श्री मुन्ना सिंह ने बताया कि इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था बेहद सरल, सुगम और बिना किसी परेशानी के पूरी हो रही है। उन्होंने पहले उपार्जन केंद्र में टोकन कटवाया और फिर बड़ी आसानी से 48 कट्टा धान का विक्रय किया। उन्होंने कहा कि शासन की पारदर्शी खरीदी व्यवस्था से किसानों को अपनी मेहनत का सही मूल्य मिल रहा है और पूरी प्रक्रिया में कहीं भी बाधा या भ्रम की स्थिति नहीं है। उन्होंने उपार्जन केंद्र की सुविधाओं की विशेष रूप से सराहना की। केंद्र में पर्याप्त बारदाना, समय पर तौल और कर्मचारियों के सहयोगपूर्ण व्यवहार के कारण धान विक्रय का कार्य तेज़ी से संपन्न हो गया।
बुजुर्ग किसान मुन्ना सिंह ने भावुक होकर बताया कि धान विक्रय से मिली राशि उनके जीवन का एक बड़ा सपना पूरा करने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि इस रकम से मैं अपने परिवार के लिए एक नया घर बनाऊँगा। यह मेरे बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करेगा। खेती से मिलने वाला यही भरोसा मेरे जीवन की ताकत है। मुन्ना सिंह जैसे किसानों की मेहनत और शासन की पारदर्शी खरीदी व्यवस्था मिलकर ग्रामीण जीवन में नई आशा और स्थिरता प्रदान कर रही है।




