Breaking News

सारंगपुर के विकास कार्यों की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने की मैराथन समीक्षा, अधिकारियों को दो टूक—लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं

 

 

राजगढ़     सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने शनिवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय के सभागार में विभिन्न विभागों के विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने विभागवार भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

बैठक में मोहनपुरा एवं कुंडलिया वृहद सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए समय पर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहकर कार्यों में तेजी लाने तथा नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को फरवरी-मार्च से पूर्व योजना से लाभान्वित होने वाले ग्रामों तक पानी पहुंचाने की कार्ययोजना पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

 

विद्युत विभाग की समीक्षा में सारंगपुर को विद्युत संभाग बनाए जाने एवं गुलावता ट्रांसफार्मर के उन्नयन के प्रयासों की सराहना की। साथ ही खराब विद्युत केबलों को आवश्यकता के अनुसार दुरुस्त करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने आमजन को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक कर अधिकाधिक लोगों को सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने की बात भी कही।

 

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा समीक्षा बैठक में अपूर्ण जानकारी प्रस्तुत किए जाने पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी योजनाओं की प्रगति और हितग्राहियों से संबंधित जानकारी पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ प्रस्तुत करें।

 

राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के सफल क्रियान्वयन पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने अधिकारियों की प्रशंसा की। उन्होंने नामांतरण एवं बंटवारे के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा ड्रोन सर्वे से छूटे ग्रामों की जानकारी शासन को भेजकर पुनः सर्वे कराने के निर्देश दिए।

 

सारंगपुर नगर के सिटी पोर्शन में सड़क निर्माण से पहले पेयजल प्रदाय लाइनों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग और जल निगम के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में सड़क की खुदाई की नौबत न आए, इसके लिए दोनों विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। ग्रामीण क्षेत्रों में भी नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

 

कृषि एवं पशुपालन विभाग को संयुक्त रूप से शिविर आयोजित कर किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं, कृषि सुविधाओं एवं पशुपालन संबंधी योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया।

 

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

 

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने पूर्व वित्तीय वर्षों में स्वीकृत निर्माण कार्यों के लंबित रहने पर असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने और सभी लंबित कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही 25 दिसंबर को ग्राम पंचायतों में नवनिर्मित पंचायत भवनों के लोकार्पण की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।

 

बैठक में राजस्व, जल संसाधन, जल निगम, लोक निर्माण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, विद्युत, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, नगर पालिका, उच्च शिक्षा, अनुसूचित जाति कल्याण, हाउसिंग बोर्ड, आईटीआई सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।

 

बैठक के अंत में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सारंगपुर विधानसभा के विकास को नई गति दें।

 

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान, एसडीएम श्री जय सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button