ब्रिक्स देशों के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा

जयपुर, 27 जुलाई। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में आगामी 12 एवं 13 अगस्त को जयपुर में आयोजित होने वाली ब्रिक्स (BRICS) देशों के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैठक में शामिल अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय बैठक के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूर्ण करें।
सुरक्षा से लेकर मीडिया प्रबंधन तक सभी व्यवस्थाओं पर विशेष जोर—
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्थाएं, यातायात प्रबंधन, अतिथियों के आवागमन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मीडिया समन्वय, प्रोटोकॉल, आवास तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए आपसी समन्वय बनाए रखे ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अतिथियों को मिले प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और आतिथ्य का उत्कृष्ट अनुभव
मुख्य सचिव ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय बैठक में भाग लेने आ रहे प्रतिनिधियों को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा पारंपरिक आतिथ्य का उत्कृष्ट अनुभव मिले, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विदेशी प्रतिनिधियों के स्वागत एवं आतिथ्य की सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता की हों। बैठक में सभी संबंधित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने आवश्यकतानुसार दिशा-निर्देश देते हुए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
समन्वित प्रयासों से सफल होगा आयोजन—
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभाग नियमित समीक्षा करते हुए सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों से आयोजन के प्रत्येक पहलू पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी चुनौती का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रमुख शासन सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग श्री नवीन जैन ने बताया कि ब्रिक्स देशों के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंक गवर्नरों की आगामी बैठक के मद्देनजर सभी तैयारीयों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समयबद्ध रूप से पूरा किया जा रहा है।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, गृह श्री भास्कर सावंत, प्रमुख शासन सचिव, वित्त श्री वैभव गालरिया, सचिव, स्वायत्त शासन विभाग श्री रवि जैन, महानिरीक्षक पुलिस (गृह) श्री दीपक कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) श्री प्रफुल्ल कुमार, आयुक्त, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग श्री राकेश शर्मा सहित सभी संबंधित विभागों के आला अधिकारी उपस्थित रहे।




