ग्वालियर में देश का अनूठा टेलीकॉम पार्क, 20 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने जा रही है। ग्वालियर में टेलीकॉम सेक्टर के देश के अनूठे पार्क के प्रथम चरण के निवेशकों को भूखंड आवंटन पत्र सौंपे गए। भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के बीच एमओयू होने के पांच माह से भी कम समय में प्रथम चरण की प्रक्रिया पूरी कर भूमि आवंटित की गई है। वहीं, मंत्रिमंडल ने परियोजना के द्वितीय चरण को भी मंजूरी दे दी है।
इस औद्योगिक क्षेत्र से करीब 18 से 20 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। टेलीकॉम पार्क के विकसित होने से ग्वालियर पश्चिम, उत्तर और दक्षिण भारत के लिए टेलीकॉम उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न शहरों को अलग-अलग औद्योगिक केंद्रों के रूप में विकसित कर रही है। जल्द ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में परियोजना का भूमिपूजन भी प्रस्तावित है।


