Breaking News

फायरिंग कांड में निष्पक्ष जांच की मांग, दक्ष प्रजापति आर्मी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

राजगढ़। 16 अगस्त को थाना इकलेरा क्षेत्र में हुए फायरिंग कांड को लेकर दक्ष प्रजापति आर्मी मध्यप्रदेश ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच की मांग की है। संगठन ने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले घटना से जुड़े सभी तथ्यों, साक्ष्यों और परिस्थितियों की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।

ज्ञापन में फायरिंग से पहले सेवानिवृत्त सैनिक दिलीप प्रजापति पर हुए कथित हमले और उनकी जान को उत्पन्न खतरे की परिस्थितियों की भी जांच कर आत्मरक्षा के पहलू को विवेचना में शामिल करने की मांग की गई है।

संगठन ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भूमिका, उनकी गतिविधियों तथा घटना के समय उपलब्ध परिस्थितियों की जांच की मांग रखी। साथ ही पुराने भूमि विवाद से जुड़े दस्तावेजों, लंबे समय से चले आ रहे विवाद और पूर्व में की गई शिकायतों को भी जांच का हिस्सा बनाने की बात कही गई है।

ज्ञापन में कहा गया कि मामले का मूल्यांकन केवल फायरिंग के परिणाम के आधार पर न किया जाए, बल्कि घटना से पहले की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम को सामने रखकर निष्पक्ष जांच की जाए।

दक्ष प्रजापति आर्मी ने सेवानिवृत्त सैनिक दिलीप प्रजापति के वैधानिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें और उनके परिवार को किसी भी प्रकार की धमकी या खतरे की स्थिति में आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

संगठन ने स्पष्ट किया कि उसकी मांग किसी दोषी व्यक्ति को बचाने की नहीं, बल्कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच के बाद जो व्यक्ति कानून की दृष्टि से दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की है।

उल्लेखनीय है कि 16 अगस्त को इकलेरा क्षेत्र में जमीन विवाद के दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत और अन्य लोगों के घायल होने की खबर सामने आई थी। मामले में पुलिस जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button