हिंडोले पर विराजे भगवान श्री खाटू श्याम, श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी झांकी
नरसिम्हा गणेश उत्सव समिति की झांकी में भव्य श्रृंगार और सजा खाटू श्याम जी का दरबार, देर रात तक गूंजे भजनों के स्वर

राजगढ़। गणेश उत्सव के दौरान नगर में जगह-जगह भगवान श्री गणेश की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। विभिन्न चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं विराजमान की गई हैं। प्रतिदिन नई-नई झांकियों का निर्माण कर उन्हें रंग-बिरंगे फूलों एवं आकर्षक सजावट से सजाया जा रहा है। वहीं विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ प्रसादी वितरण भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 11 स्थित नरसिम्हा गणेश उत्सव समिति द्वारा लगातार 21वें वर्ष गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। समिति की ओर से इस वर्ष भगवान श्री खाटू श्याम जी का भव्य दरबार सजाया गया। भगवान खाटू श्याम जी का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें विशेष रूप से तैयार किए गए हिंडोले पर विराजमान किया गया, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
झांकी स्थल पर देर रात तक भजन संध्या का आयोजन हुआ। जिले एवं रामधुन लगी भक्ति संस्थान के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में बांधे रखा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु झांकी के दर्शन करने पहुंचे और भजनों का आनंद लिया।
अतिथियों ने की पूजा-अर्चना
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजगढ़ मंडल अध्यक्ष सचिन मौर्य तथा पार्षद मोहित तंवर एवं अजय शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान श्री गणेश एवं बाबा खाटू श्याम जी की ज्योत प्रज्वलित कर आरती की और पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर सचिन मौर्य ने कहा कि वे बचपन से ही नरसिम्हा गणेश उत्सव समिति की झांकियां देखते आ रहे हैं। समिति द्वारा हर वर्ष कुछ नया और आकर्षक करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में यहां भगवान श्रीराम का अयोध्या धाम का दरबार सजाया गया था, जबकि इस वर्ष बाबा खाटू श्याम जी को हिंडोले पर विराजमान किया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
उन्होंने समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ती रहनी चाहिए।
समिति के सदस्यों ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। झांकी देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।




