आस्था और श्रद्धा के साथ करेड़ा गौशाला में हुआ गोवर्धन एवं गोपूजन, महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

राजगढ़। दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिले की विभिन्न गौशालाओं में गोवर्धन एवं गोपूजन के विशेष आयोजन किए गए। इसी क्रम में कोलूखेड़ी पंचायत अंतर्गत स्थित करेड़ा गौशाला में धार्मिक परंपराओं और पूरे उत्साह के साथ पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के लिए उपायुक्त सहकारिता एस. बरोठिया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। उनके निर्देशन में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया।
महिलाओं ने गोबर से बनाई भगवान गोवर्धन की प्रतिमाएं
करेड़ा गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में गांव की महिलाओं की विशेष सहभागिता रही। सुबह से ही महिलाएं उत्साह के साथ गौशाला पहुंचीं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गोबर से भगवान गोवर्धन की प्रतिमाएं तैयार कीं। इसके बाद विधि-विधान से पूजन किया गया। धार्मिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक पूजा-पद्धति से पूरा गौशाला परिसर भक्तिमय हो गया।
गोवर्धन पूजन के पश्चात गौमाता का विशेष पूजन कर तिलक लगाया गया और आरती उतारी गई। महिलाओं ने परिवार, गांव एवं क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरोगी जीवन की कामना की। आयोजन के माध्यम से गौसेवा, गौसंरक्षण और भारतीय संस्कृति की परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
पांच साल बाद भी बिजली का इंतजार, पानी और हरियाली पर संकट
धार्मिक आयोजन के बीच करेड़ा गौशाला की एक बुनियादी समस्या भी सामने आई। वर्ष 2021 से संचालित इस गौशाला में आज तक बिजली की स्थायी व्यवस्था नहीं हो पाई है। बिजली कनेक्शन के अभाव में पानी की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। वहीं, समय पर सिंचाई नहीं होने से गौशाला परिसर की हरियाली और पौधों को भी नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत द्वारा बिजली व्यवस्था के लिए कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं। वहीं, गौसेवा संस्था के पदाधिकारियों ने भी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका। ऐसे में गौशाला प्रबंधन एवं ग्राम पंचायत ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से शीघ्र बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि गोवंश को पर्याप्त पानी मिल सके और परिसर की हरियाली सुरक्षित रह सके।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर गौशाला समिति संरक्षक कुमेर सिंह सोंधिया, जनपद सदस्य कमल सिंह पंवार, सहकारिता विभाग के देवराज चौहान, पंचायत सचिव कमल सिंह उमट, रोजगार सहायक तेजकरण वर्मा, प्रभुलाल पंवार, रामबाबू संजोदिया, गोसेवक रमेश दास, गंगाराम सहित गोसेवा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। सभी ने गोसेवा और गौसंरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।



