यूपी के वाराणसी में काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को

लखनऊ (SHABD) :महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि मुख्य अतिथि शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, मुंबई के कमांडर कैप्टन बी.के. त्यागी होंगे। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस वर्ष समारोह की थीम “विगत एक दशक में भारत की उपलब्धियां : विकसित भारत 2047 की आधारशिला” रखी गई है। समारोह में 26 मेधावी विद्यार्थियों को 43 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे, जिनमें 17 विद्यार्थियों को दो-दो स्वर्ण पदक मिलेंगे। साथ ही स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के कुल 63,184 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इस बार डी.लिट. की मानद उपाधि तेलंगाना के एक उद्यमी को दी जाएगी।




