22 अक्टूबर तक टूटेगा कचरा घर, लिखित आश्वासन के बाद NSUI का धरना समाप्त विद्यालय के सामने कचरा डालने पर रोक लगाने का भरोसा, निगरानी के लिए कैमरा लगाने का भी आश्वासन
राजगढ
। शासकीय विद्यालय मलावर के सामने कचरा डाले जाने की समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर NSUI नगर इकाई मलावर द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों को हो रही परेशानी को देखते हुए संगठन ने कचरा घर हटाने और भविष्य में उक्त स्थान पर कचरा नहीं डालने की मांग उठाई। संबंधित जिम्मेदारों से लिखित आश्वासन मिलने के बाद NSUI ने धरना समाप्त कर दिया।
धरने के दौरान मलावर थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा की उपस्थिति में ग्राम पंचायत सरपंच रोड़ जी भिलाला ने NSUI विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर गुर्जर को लिखित आवेदन देकर आश्वासन दिया कि 22 अक्टूबर 2026 तक कचरा घर तोड़ दिया जाएगा। साथ ही भविष्य में उक्त स्थान पर कचरा नहीं डालने की बात भी कही गई।
वहीं, शासकीय विद्यालय के प्राचार्य हितेन्द्र नागर ने भी आश्वासन दिया कि भविष्य में विद्यालय के सामने कचरा नहीं होगा। यदि इसके बाद भी वहां कचरा डाला जाता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी उनकी रहेगी।
इसी क्रम में मलावर थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने उक्त स्थान पर कैमरा लगवाने का आश्वासन दिया, ताकि भविष्य में कचरा डालने की घटनाओं पर निगरानी रखी जा सके।
लिखित आश्वासन और संबंधित जिम्मेदारों के भरोसे के बाद NSUI ने अपना धरना समाप्त कर दिया। संगठन ने उम्मीद जताई कि तय समय-सीमा में कचरा घर हटाने सहित सभी आश्वासनों पर अमल किया जाएगा। NSUI का कहना है कि विद्यालय के सामने स्वच्छ वातावरण बनाए रखना जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों को गंदगी के बीच पढ़ाई करने की परेशानी न उठानी पड़े।




