Breaking News

पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, 100 किमी दूर भागा पति; जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती

राजगढ़। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के गुराड़िया गांव में पत्नी की जघन्य हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह पति रामबाबू ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार कर अपनी पत्नी गायत्रीबाई गुर्जर की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया और करीब 100 किलोमीटर दूर सेमलापार जोड़ क्षेत्र में पहुंच गया। यहां उसने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस को उसके सेमलापार जोड़ क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। वहां पहुंचने पर वह बेहोशी की हालत में मिला। इसके बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

धार्मिक मान्यताओं को लेकर होता था विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी रामबाबू कथित तौर पर संत रामपाल का अनुयायी था, जबकि मृतका गायत्रीबाई हिंदू देवी-देवताओं की पूजा करती थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button