डीआईजी राजेश सिंह चंदेल ने किया कुरावर और बोड़ा थानों का निरीक्षण साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और शिकायतों के त्वरित निराकरण पर दिया जोर, नवरात्रि सुरक्षा व्यवस्था की भी ली जानकारी
राजगढ़। उप पुलिस महानिरीक्षक भोपाल (देहात) रेंज राजेश सिंह चंदेल ने राजगढ़ जिले का आकस्मिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कुरावर एवं थाना बोड़ा का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी चंदेल ने दोनों थानों के परिसर, शासकीय अभिलेखों एवं रजिस्टरों की स्थिति का अवलोकन किया। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवासीय परिसरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसरों और आवासीय क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी अभिलेखों एवं रजिस्टरों को अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों की फिटनेस पर दिया जोर
डीआईजी ने थाना परिसरों में खेल मैदान विकसित करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शारीरिक स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का स्वस्थ और सक्रिय रहना बेहतर कार्यप्रणाली के लिए महत्वपूर्ण है।
शिकायतकर्ताओं से संवेदनशील व्यवहार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने पर आने वाले शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने, उनके साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने और पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों से किया संवाद
डीआईजी चंदेल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार और व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नवरात्रि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
नवरात्रि पर्व के मद्देनजर जिले में की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ड्यूटी के दौरान सतर्कता एवं मुस्तैदी बरतने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




