मातृशक्ति की अगुवाई और संतों के मार्गदर्शन में निकली 16वीं चुनरी यात्रा, ड्रोन से हुई गुलाब के फूलों की पुष्पवर्षा, जगह-जगह हुआ स्वागत
विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में मां जालपा को अर्पित की 1111 मीटर लंबी चुनरी
दैनिक प्रदेश का गौरव राजगढ़। मां जालपा के प्रति श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अनुपम दृश्य शनिवार को राजगढ़ नगर में देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हिंदू समाज द्वारा आयोजित 16वीं मां जालपा चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मातृशक्ति की अगुवाई और संतों के मार्गदर्शन में निकली इस भव्य धार्मिक यात्रा में मां जालपा को 1111 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की गई। नगर में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और समाजजनों ने यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान ड्रोन के माध्यम से अनेक स्थानों पर गुलाब के फूलों की पुष्पवर्षा की गई, जिससे यात्रा का दृश्य और भी आकर्षक एवं भक्तिमय हो गया।
राधा-कृष्ण मंदिर में पूजन के साथ हुआ शुभारंभ
यात्रा का शुभारंभ राजमहल परिसर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। संत श्री हरिनारायण जी वैष्णव, श्री रोहित जी नागर, श्री गोदावरी पुरी बम-बम महाराज एवं श्री कैलाश गिरि सहित अन्य संतों की उपस्थिति में चुनरी पूजन और कन्या पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद मां जालपा के जयकारों के साथ यात्रा आगे बढ़ी। नगर के विभिन्न मार्गों से निकली यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर अपनी आस्था प्रकट की। वहीं, ड्रोन से बरसते गुलाब के फूलों ने श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ाया। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण मां जालपा के जयकारों से गुंजायमान रहा।
मंदिर पहुंचकर मां जालपा को अर्पित की चुनरी
चुनरी यात्रा मां जालपा मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से माता रानी के चरणों में 1111 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की गई। आयोजन समिति की ओर से यात्रा में शामिल मातृशक्ति को 200 से अधिक चुनरियां भेंट की गईं। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर राजगढ़ नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
विहिप-बजरंग दल के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मोहनपुरा परियोजना से जुड़े प्रतिनिधियों, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष पीयूष दुबे, राजेंद्र जोशी, पार्षद संजय गुप्ता, देवी सिंह सोंधिया, अंशुल तिवारी एवं विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष तेजेंद्र उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं, विहिप जिला मंत्री मयंक जायसवाल, जिला प्रचार प्रसार प्रमुख लखन गुर्जर, नयन विजयवर्गीय,प्रखंड अध्यक्ष सोनू गोड, प्रखंड मंत्री हेमराज तंवर, नगर मंत्री लोकेश शर्मा, लक्ष्मीनारायण तंवर, चेतराम गुर्जर, संतोष राणा। प्रकाश तंवर चंदन गुर्जर राम दयाल रोकी गुर्जर मनोहर मनमोहन वकील देवराज एवं विशाल करोसिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और हिंदू समाज के श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा। मातृशक्ति की अगुवाई, संतों का मार्गदर्शन, नगरवासियों का स्वागत और ड्रोन से हुई गुलाब के फूलों की पुष्पवर्षा यात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे। 16वीं मां जालपा चुनरी यात्रा धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति श्रद्धालुओं की प्रतिबद्धता का प्रतीक बनी।



