कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वास्थ्य अधिकारियों संग खुद खाई अल्बेंडाजॉल की गोली, दिए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश

राजगढ़ जिला मुख्यालय पर आयोजित समय सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग को जिले के शत-प्रतिशत बच्चों को कृमिनाशक दवाई (अल्बेंडाजॉल) खिलाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मौजूद अन्य विभागों के अधिकारियों को भी इस राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान में परस्पर समन्वय बनाकर काम करने की हिदायत दी गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने कलेक्टर डॉ. मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी अल्बेंडाजॉल की गोली का सेवन कराया, ताकि वे इसके टॉफी जैसे मीठे स्वाद से परिचित हो सकें और बच्चों को दवाई खाने के लिए प्रेरित कर सकें। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान, जिला स्वास्थ अधिकारी डॉ. शेख जलालुद्दीन सहित डीसीएम श्री सुनील वर्मा मौजूद रहे।
जिले के 6 लाख 65 हजार से अधिक बच्चों को गोली खिलाने का लक्ष्य
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जलालुद्दीन ने बताया कि अभियान के तहत सोमवार को जिले के समस्त शासकीय/प्राइवेट स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को अल्बेंडाजॉल की खुराक दी जा रही है। पूरे जिले में 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के 6 लाख 65 हजार 155 बच्चों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें स्कूलों व आंगनवाड़ियों में दर्ज बच्चों के अतिरिक्त शाला त्यागी बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा 19 से 49 वर्ष तक की महिलाओं को भी यह गोली खिलाने का विशेष लक्ष्य तय किया गया है।
ब्लॉक अनुसार निर्धारित लक्ष्य जिनमें नरसिंहगढ़ 1,47,042, सारंगपुर 1,41,917, ब्यावरा 1,23,865, राजगढ़ 96,129, खिलचीपुर 79,618 तथा जीरापुर 76,594 रहेगा।
*क्यों जरूरी है अल्बेंडाजॉल*
बच्चों के पेट में कीड़े (कृमि) होना उनके शारीरिक और मानसिक विकास में बड़ी बाधा बनता है। कृमि संक्रमण बच्चों में खून की कमी, एनीमिया और कुपोषण का मुख्य कारण होता है। अल्बेंडाजॉल की गोली पेट के कीड़ों को नष्ट कर शरीर में खून की कमी होने से बचाती है। कृमि मुक्त होने से बच्चों का कुपोषण दूर होता है और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
स्वस्थ बच्चा मानसिक रूप से अधिक सक्रिय रहता है, जिससे उसका मन पढ़ाई-लिखाई में बेहतर तरीके से लगता है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को यह गोली जरूर खिलवाएं ताकि जिले को पूरी तरह कृमि मुक्त बनाया जा सके।




