सुपर बाजार मार्केट में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
राजगढ खिलचीपुर। नगर के सुपर बाजार मार्केट में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से मार्केट में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे सुपर बाजार मार्केट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा सामान जलने लगा। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
आग पर काबू पाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। हालांकि आगजनी में लाखों रुपए के सामान के नुकसान की बात सामने आई है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना के दौरान पुलिस विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने के करीब एक घंटे तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने की बात सामने आई। आग पर काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।




