बस हादसे में घायलों से मिले राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) , समुचित उपचार के दिए निर्देश

राजगढ़ जिले के विकासखंड ब्यावरा में शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे हुए बस हादसे में घायल नागरिकों से प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार ने ब्यावरा स्थित सिविल अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने घायलों एवं उनके परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा चिकित्सकों से घायलों के उपचार, स्वास्थ्य एवं अस्पताल में उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने प्रशासन एवं चिकित्सकों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्राप्त जानकारी अनुसार शुक्रवार सुबह भोपाल बायपास ब्रिज के कर्व पर तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ब्रिज की सेफ्टी वॉल से जा टकराई। हादसे में बस के ऊपरी स्लीपर हिस्से को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा, जिसके चलते कई यात्री हताहत हुए।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि हादसे वाले स्थान पर यातायात नियमों के अनुरूप आवश्यक संकेतक लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को कर्व एवं मार्ग की स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।



