बाढ़ राहत कार्य में जुटीं जीविका दीदियां, अब तक तैयार किए गए 5000 राहत पैकेट

बेतिया (SHABD) : पश्चिम चंपारण जिले में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने के बाद जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। इस अभियान में जीविका दीदियां भी पूरी तत्परता के साथ जुटी हुई हैं। जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जीविका दीदियां बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इसी क्रम में सदर अनुमंडल के बेतिया टाउन हॉल में करीब 150 जीविका दीदियां सुबह सात बजे से ही राहत सामग्री की पैकेजिंग में जुटी हैं। जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए चना, चूड़ा, गुड़ सहित अन्य खाद्य सामग्री को व्यवस्थित तरीके से पैकेट में तैयार किया जा रहा है। तैयार राहत पैकेट राहत टीम को सौंपे जा रहे हैं, ताकि उन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचाया जा सके।
जीविका के प्रबंधक-स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता सतीश कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश के अनुसार जीविका दीदियां राहत एवं मानवीय सहायता कार्यों में सहयोग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में जीविका का सामुदायिक नेटवर्क हमेशा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सक्रिय रहा है। वर्तमान परिस्थिति में भी जीविका दीदियां जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ राहत कार्यों में योगदान दे रही हैं।
राहत कार्य में समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहीं जीविका प्रखंड परियोजना प्रबंधक अंजली कुमारी और युवा पेशेवर आरुषि कुमारी ने बताया कि जीविका दीदियों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए अब तक करीब 5,000 राहत पैकेट तैयार किए जा चुके हैं। प्रशासन के निर्देशानुसार राहत सामग्री की पैकेजिंग का कार्य लगातार जारी है।




