Breaking News

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस राजगढ़ में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस

राजगढ़   प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना का 57वाँ स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं प्रेरणापुरुष स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रासेयो केवल सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कार्यक्रम में स्वागत भाषण भी प्रस्तुत किया।

 

महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों की सराहना करते हुए स्वयंसेवकों को समाज एवं राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति सकारात्मक दिशा में आगे बढ़कर समाज में रचनात्मक परिवर्तन ला सकती है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘जनसेवक संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नशामुक्ति अभियान पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक रहा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वयंसेवकों ने नशे के दुष्परिणामों को उजागर करते हुए युवाओं एवं समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button