Breaking News

गोघटपुर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जनसंवाद  विधायक खिलचीपुर  ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

राजगढ़ मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम पंचायत गोघटपुर में जनसंवाद एवं उद्यम संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक खिलचीपुर श्री हजारीलाल दांगी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। विधायक खिलचीपुर श्री दांगी ने किसानों को जैविक खाद के उपयोग के लिए प्रेरित किया, खाद्यान्न पर्ची से जुड़ी समस्या भी सुनी। उन्होंने बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर खराब होने से होने वाली विद्युत समस्या के समाधान के लिए विद्युत लाइनों का निरीक्षण करने तथा जल निगम को गांवों में पहुंचकर पेयजल समस्याओं का निराकरण करने को कहा।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि विद्युत, पेयजल, अतिक्रमण एवं भूमि आवंटन से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्युत विभाग को ग्राम में विद्युत पोल एवं लाइनों का निरीक्षण कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बारिश के दौरान विद्युत संबंधी समस्याओं को देखते हुए नियमित निरीक्षण करने को कहा। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया जाए। साथ ही जहां नल लगाने की आवश्यकता है, वहां सरपंच के सहयोग से स्थल चिन्हांकित कर नल लगवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण कर उन्हें बंद कराया जाए तथा भूमि आवंटन सहित अन्य प्रकरणों के निराकरण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाए।

 

मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना और उनके निराकरण का प्रयास करना है। सभी विभागों के अधिकारी आज ग्रामीणों के समक्ष उपस्थित हैं, इसलिए अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

 

*उद्यम संवाद में हितग्राहियों ने साझा की स्वरोजगार की कहानी*

 

उद्यम संवाद कार्यक्रम में विभिन्न हितग्राहियों ने शासकीय योजनाओं से मिले लाभ और स्वरोजगार के अनुभव साझा किए। श्री भेरूलाल पांचाल ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 1 लाख रूपये का ऋण लेकर वेल्डिंग वर्कशॉप शुरू की है। श्री रतन प्रजापति ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 1 लाख रूपये का ऋण लेकर मिट्टी के कलश, दीपक एवं अन्य सामग्री बनाने के लिए मशीन से कार्य शुरू किया है। श्री मुकेश जोशी ने प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत ऋण लेकर सीएस सेंटर का संचालन शुरू किया है। वहीं श्री कुलदीप सिंह ने इलेक्ट्रिक दुकान के लिए ऋण प्राप्त कर अपना व्यवसाय शुरू किया है।

 

ग्राम पंचायत गोघटपुर एवं ग्राम पंचायत रामनगर द्वारा ग्राम में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने पर विधायक खिलचीपुर हजारी लाल दांगी, कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने दोनों ग्राम पंचायतों के सरपंचों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने ग्रामों में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में किए गए इस प्रयास की सराहना की।

 

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोघटपुर में आयोजित जनसंवाद एवं उद्यम संवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को लाभ एवं सम्मान प्रदान किया गया। जल जीवन मिशन अंतर्गत क्षेत्र में नल-जल योजना के संचालन एवं संधारण में उत्कृष्ट कार्य करने पर श्रीमती गीताबाई, श्री मनोहर सिंह, श्री प्रेमसिंह वर्मा एवं श्री राधेश्याम पंवार का सेवा सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों श्री कुलदीप सिंह सोंगारा, श्री चेतन जायसवाल, श्री विनोद, श्री प्रफुल सोनी, श्री शुभम सोनी, श्री राहुल तिवारी, श्री बनवारी, श्री दुर्गा प्रसाद राठौर, सुश्री वर्षा रानी, श्री शिवराज सिंह सरावत, श्री श्याम पाटीदार एवं श्री मुकेश कुमार जोशी को मंच से लाभान्वित किया गया। आवास योजना के अंतर्गत श्री रतनलाल, श्री नाथूराम, श्री दुलेसिंह, श्री जगदीश, श्री देवेन्द्र, श्री अरविन्द एवं श्रीमती कान्ताबाई को लाभ प्रदान किया गया।

 

इसी प्रकार आजीविका मिशन जीरापुर अंतर्गत श्रीमती रानू मकवाना, श्रीमती रीना दांगी तथा रामदेव स्व-सहायता समूह, आजाद स्व-सहायता समूह एवं खुशी स्व-सहायता समूह को लाभान्वित किया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत बालिका रियांशी चौहान एवं गुंजन मेरोठा को लाभ प्रदान किया गया। राजस्व विभाग द्वारा जाति प्रमाण-पत्र बालक – बालिका रेखा राठौर, प्रज्ञा, हरिओम राठौर, लक्ष्मी राठौर, रामबाबू, जानकी, मितांशु राठौर, दुर्गा राठौर, गंगाराम वर्मा एवं देवीलाल भील को प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना अंतर्गत प्रमाण-पत्र राजू, मांगीलाल, सत्यनारायण मेरोठा, निशा, रोडूलाल, बबीता, महेन्द्र कुमार एवं नीरज को प्रदान किए गए। वहीं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र लखन, देवेन्द्र, लखन एवं विधि शर्मा को प्रदान किए गए।

Related Articles

Back to top button