मुख्यमंत्री ने किया शस्त्र पूजन, पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का निर्णय
पुलिस व्यवस्था मजबूत करने के लिए 50 नई बाइक खरीदी जाएंगी; आगामी दो वर्षों में 22,500 पदों पर भर्ती की तैयारी

इंदौर। विजयादशमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को इंदौर स्थित पुलिस लाइन में विधि-विधान से कन्या पूजन एवं शस्त्र पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और सुरक्षा की कामना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच संवाद और समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ‘पुलिस सेतु ऐप’ का शुभारंभ किया। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए ‘Ideal Town on Road Safety’ पोस्टर का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें दो महत्वपूर्ण प्रसंगों की स्मृति कराता है। भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है, वहीं माता दुर्गा द्वारा महिषासुर का वध नारी शक्ति, साहस और सामर्थ्य का परिचय कराता है। यह पर्व हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और सत्य एवं धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
समाज की रक्षा और जनसेवा के लिए हैं शस्त्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि शस्त्र धारण करने का उद्देश्य केवल स्वयं की रक्षा करना नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा करना, लोगों के कष्ट दूर करना और जनसेवा में योगदान देना भी है। संस्कारों एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के लिए जब समाज त्योहार मनाता है, तो सरकार उससे अलग नहीं रह सकती। सरकार भी समाज का अभिन्न अंग है और परंपराओं के निर्वहन में उसकी महत्वपूर्ण सहभागिता है।
उन्होंने बताया कि इसी भावना के साथ प्रदेश की पुलिस बटालियनों, डीआरपी लाइन और विभिन्न पुलिस परिसरों में शासकीय स्तर पर शस्त्र पूजन आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री, मंत्रीगण और अधिकारी इन आयोजनों में सहभागी बन रहे हैं। यह परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के संकल्प को मजबूत करती है।
पुलिस सेतु ऐप से मजबूत होगा पुलिस और नागरिकों के बीच समन्वय
मुख्यमंत्री ने इंदौर में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने ‘पुलिस सेतु ऐप’ का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस ऐप के माध्यम से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की जानकारी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। आधुनिक तकनीक के उपयोग से पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
शहर में पुलिस की ड्यूटी और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के माध्यम से 50 नई बाइक भी खरीदी जा रही हैं। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस विभाग में भर्ती को लेकर सरकार गंभीर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस विभाग में भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में लगभग 18,500 पदों पर भर्ती करने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त, आगामी दो वर्षों में लगभग 22,500 पदों पर भर्तियां की जाएंगी।
पुलिस विभाग में भर्ती की यह पहल कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस बल की क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से हमें सेवा, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुख, समृद्धि और विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपने गौरवशाली अतीत और स्वर्णिम इतिहास से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ रहा है। देश के वीर नायकों ने अपने रक्त और प्राणों का बलिदान देकर भारत माता के मान-सम्मान की रक्षा की है। उनका त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने विजयादशमी के अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस पर स्वयंसेवकों को भी बधाई दी।




