नायब तहसीलदार के निरीक्षण में अतिक्रमण मिला, फिर भी कार्रवाई नहीं, कलेक्टर से दोबारा शिकायत
पटवारी के पंचनामे और निरीक्षण में अतिक्रमण मिलने का दावा

बैतूल। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन कई मामलों में कार्रवाई लंबित रहने से आवेदकों को दोबारा जनसुनवाई का रुख करना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला ग्राम बांसपानी, तहसील बैतूल निवासी नरेश कुमार जौजरे का सामने आया है। उन्होंने निजी प्लाट पर अतिक्रमण की शिकायत को लेकर दूसरी बार कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन दिया है।
आवेदक के अनुसार बैतूल-भोपाल हाईवे स्थित आठवां मील पर उसका 15×30 फीट का निजी प्लाट है। ग्राम बांसपानी निवासी रामदास कापसे द्वारा प्लाट के कुछ हिस्से पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत आवेदक ने की है।
नरेश कुमार जौंजारे ने बताया कि उन्होंने 21 अप्रैल 2026 को भी जनसुनवाई में आवेदन दिया था। इसके बाद नायब तहसीलदार द्वारा दोनों पक्षों को कई बार तहसील कार्यालय में बुलाया गया। आवेदक का कहना है कि हल्का नंबर 12 के पटवारी ने मौके पर निरीक्षण कर अतिक्रमण पाए जाने का पंचनामा भी बनाया है। इसके बाद नायब तहसीलदार द्वारा भी मौके का निरीक्षण किए जाने की बात आवेदक ने कही है।
आवेदक का आरोप है कि निरीक्षण और पंचनामा होने के बावजूद अब तक अतिक्रमण हटाने की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।मकान बनाने के लिए ईंट रेत भी इकट्ठा कर ली है।उनका कहना है कि मामले में बार-बार पेशी होने के बावजूद समाधान नहीं हुआ, जिससे उन्हें परेशान होकर दोबारा कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देना पड़ा। नरेश कुमार जौंजारे ने कलेक्टर से मामले की जांच कर निजी प्लाट से अतिक्रमण हटवाने तथा नियमानुसार कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।



