विश्वकर्मा मंदिर में भव्य महाआरती एवं पूजन महोत्सव संपन्न

भोपाल। अग्रसेन चौक, इमामीगेट स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर में ॐ श्री विश्वकर्मा विकास परिषद भारत एवं श्री बट्टूलाल सूरजबाई सार्वजनिक धार्मिक न्यास के संयुक्त तत्वावधान में भगवान विश्वकर्मा पूजन महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भगवान विश्वकर्मा का अभिषेक एवं पूजन, अतिथियों का स्वागत, उद्बोधन, दिव्य महाआरती एवं प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए।
परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिशंकर विश्वकर्मा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और शिल्प के प्रतीक हैं। समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर एकजुटता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
इसके बाद श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी भगवतानंद गिरी महाराज ने प्रवचन एवं आशीर्वचन दिए। देर शाम भजन कलाकारों ने भगवान विश्वकर्मा की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर भागीरथ प्रसाद विश्वकर्मा, राजकुमार विश्वकर्मा, दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, दुर्गेश विश्वकर्मा, शशिकांत झा, मनोज विश्वकर्मा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
परिषद द्वारा बताया गया कि भगवान विश्वकर्मा पूजन महोत्सव मध्यप्रदेश सहित देशभर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान समाज की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं भी प्रेषित की गईं।




