जनसुनवाई में सुनी गई आमजन की समस्याएं, 95 आवेदन प्राप्त

राजगढ़। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई में सारंगपुर निवासी अंतर सिंह ने फसल खराब होने के बावजूद फसल बीमा योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। मामले में सीईओ जिला पंचायत ने एसएडीओ सारंगपुर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम गेहूंखेड़ी निवासी मनोहर सिंह चौहान ने बताया कि अतिवृष्टि के कारण उनकी सोयाबीन की फसल खराब हो गई है। उन्होंने बीमा कंपनी से फसल नुकसान की भरपाई दिलाने की मांग की। मामले में तहसीलदार पचोर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं ग्राम कुण्डीखेड़ा निवासी विजय सिंह सौंधिया ने दिव्यांग सहायता राशि एवं पेंशन योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्या बताई। इस पर सामाजिक न्याय विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम सुस्तानी निवासी जीवन ने शासकीय भूमि से निकलने वाले रास्ते पर अनावेदकों द्वारा मकान निर्माण कर कब्जा करने की शिकायत की। मामले में तहसीलदार खुजनेर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



