यूपीः बरेली में मौलाना शहाबुद्दीन ने अखिलेश यादव के 40 हजार के वादे पर किया पलटवार कहा-महिलाएं रहें सावधान

लखनऊ (SHABD):ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने लोगों, खासकर महिलाओं से अखिलेश यादव के वादों को लेकर सावधान रहने की अपील की। मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि महिलाओं को 40 हजार रुपये देने का वादा केवल एक लुभावना चुनावी वादा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ऐसे वादों पर बिना सोचे-समझे भरोसा नहीं करना चाहिए। उनका आरोप है कि अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक कार्यकाल में उस समुदाय के लिए भी पर्याप्त काम नहीं किया, जिसके समर्थन से उन्हें और उनके पिता को राजनीतिक लाभ मिला। वहीं, उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव के बयानों पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि प्रदेश में ईद और ईद मिलादुन्नबी के जुलूस शांतिपूर्वक निकलते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहतर है और ऐसे बयानों से माहौल खराब हो सकता है।




