मुजफ्फरपुर: बाबा गरीबनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए 50 लाख रुपये से बढ़ेंगी सुविधाएं

मुजफ्फरपुर (SHABD) :बाबा गरीबनाथ मंदिर में श्रावणी मेला 2026 के दौरान उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से कांवरियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था के लिए 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
इस राशि से बाबा गरीबनाथ महादेव मंदिर, बाबा दूधनाथ महादेव मंदिर और खगेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। वहीं, लगातार यात्रा करने वाले डाक बम श्रद्धालुओं की पहचान और उन्हें सुगम जलाभिषेक की सुविधा देने के लिए इस बार विशेष रिस्ट बैंड उपलब्ध कराए जाएंगे।
50 लाख रुपये से विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए वाटरप्रूफ और नॉन-वाटरप्रूफ पंडाल बनाए जा रहे हैं। इनमें कूलर, पंखे और कारपेट की व्यवस्था रहेगी। भीड़ नियंत्रण के लिए चार फीट ऊंची बैरिकेडिंग और बांस-बल्ला ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे।
निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए 5 केवीए से 150 केवीए तक के जेनरेटर लगाए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 72 घंटे बैकअप स्टोरेज वाले उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे, 50 इंच की एलईडी स्क्रीन और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जा रही है।
टेंट सिटी से लेकर सांस्कृतिक मंच तक की व्यवस्था
कांवरियों के लिए पहलेजा घाट से लेकर मुजफ्फरपुर के अघोरिया बाजार और रामदयालु तक के प्रमुख पड़ावों पर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पूरे मार्ग में टेंट सिटी, वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर शेड, एलईडी और सोलर लाइट, पेयजल तथा जगह-जगह चिकित्सा शिविर की व्यवस्था की जाएगी।
कांवरियों की थकान दूर करने और धार्मिक माहौल बनाए रखने के लिए मार्ग में भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंच भी लगाए जाएंगे।
अरघा के माध्यम से होगा जलाभिषेक
बाबा गरीबनाथ मंदिर के मुख्य द्वार पर अरघा लगाया जाएगा, जिसके माध्यम से श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे। मंदिर परिसर में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिस पर श्रद्धालु जलाभिषेक का लाइव दर्शन कर पाएंगे।
सोमवार की दोपहर तक मंदिर में अरघा की व्यवस्था रहेगी। भीड़ कम होने के बाद इसे हटाया जाएगा और श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। सावन के प्रत्येक सोमवार को बाबा की विशेष आरती और फल-फूलों से महाशृंगार किया जाएगा।
टेंट सिटी में पांच हजार कांवरियों के ठहरने की व्यवस्था
श्रावणी महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। दो अगस्त को डीएन हाई स्कूल में मेले का शुभारंभ किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
कांवरियों के ठहरने के लिए रामदयालु कॉलेज परिसर में टेंट सिटी का निर्माण अंतिम चरण में है, जहां करीब पांच हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा जिला स्कूल में जिग-जैग व्यवस्था की जा रही है, जबकि छोटी कल्याणी और पुरानी बाजार में वॉच टावर बनाए जा रहे हैं, जहां से भीड़ नियंत्रण की निगरानी की जाएगी।
गरीबनाथ मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी मजिस्ट्रेट द्वारा की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए जलाभिषेक का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।




