बिहार-झारखण्‍ड

पटना: नव पदस्थापित प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने ग्रहण किया प्रभार

पटना (SHABD) :पटना प्रमंडल के नव पदस्थापित प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार ने बुधवार को आयुक्त कार्यालय, पटना में प्रमंडलीय आयुक्त के पद का प्रभार ग्रहण किया।

प्रभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने आयुक्त कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कार्यालय के विभिन्न कार्यों, गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों के प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

प्रमंडलीय आयुक्त ने पटना प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी छह जिलों—पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास एवं कैमूर—से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों, विकासात्मक कार्यों एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने इन जिलों में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की भी जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार ने कहा कि पटना प्रमंडल के सभी जिलों में सरकार की लोककल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं तथा कार्यक्रमों का लाभ सहजता, पारदर्शिता एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही, संवेदनशीलता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर आयुक्त के सचिव श्री विनय कुमार ठाकुर, उपनिदेशक (खाद्य) श्रीमती प्रतिभा सिन्हा, उपमुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री रोशन अली, क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी श्रीमती अनुमेहा, उपनिदेशक (जनसंपर्क) श्री लालबाबू सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button