बिहार-झारखण्‍ड

2047 के लिए पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड टाउनशिप का मास्टर प्लान तैयार

पटना (SHABD) :विकास आयुक्त, बिहार मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप की प्रारूप विकास योजना-2047 को लेकर उच्चस्तरीय अंतर-विभागीय हितधारक परामर्श बैठक आयोजित की गई। नगर विकास एवं आवास विभाग के तत्वावधान में आयोजित बैठक में बिहार शहरी आयोजना एवं विकास बोर्ड के सदस्यों तथा विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक का उद्देश्य प्रस्तावित टाउनशिप की प्रारूप विकास योजना-2047 के विभिन्न पहलुओं पर संबंधित विभागों के सुझाव और परामर्श प्राप्त करना था। इस दौरान अधिकारियों ने टाउनशिप के सुनियोजित, समेकित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास को लेकर अपने सुझाव साझा किए।

विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने कहा कि तेजी से हो रहे शहरीकरण के बीच ग्रामीण क्षेत्रों का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। हालांकि, कई स्थानों पर आवश्यक शहरी सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं का समानांतर एवं सुनियोजित विकास नहीं हो पा रहा है। ऐसे में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप जैसी परियोजनाएं आधुनिक और सुविधायुक्त शहरी विकास का मॉडल प्रस्तुत कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित टाउनशिप को केवल आवासीय परियोजना के रूप में विकसित करने के बजाय आवास, रोजगार, वाणिज्यिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, मनोरंजन, हरित क्षेत्रों और सार्वजनिक सेवाओं के समन्वित विकास पर जोर दिया जाना चाहिए। इससे लोगों को दैनिक आवश्यकताओं के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता कम होगी और बेहतर शहरी जीवन की सुविधा मिल सकेगी।

बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने प्रारूप विकास योजना-2047 की विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय नियोजन परिप्रेक्ष्य, क्षेत्रीय नियोजन ढांचे, वर्तमान स्थिति के विश्लेषण, टाउनशिप के विजन एवं विकास उद्देश्यों तथा नियोजन सिद्धांतों की जानकारी दी। साथ ही स्थानिक विकास रणनीति और प्रस्तावित भूमि उपयोग योजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

परामर्श बैठक में सामाजिक आधारभूत संरचना, गतिशीलता एवं ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी), आर्थिक विकास रणनीति, पर्यावरण संरक्षण, ब्लू-ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर, जलवायु-अनुकूल विकास, डिजिटल अवसंरचना और स्मार्ट शहरी प्रणालियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा परियोजना के चरणबद्ध क्रियान्वयन, निवेश रणनीति, विकास नियंत्रण विनियम और शहरी डिजाइन दिशानिर्देशों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रस्तावित टाउनशिप को समेकित, टिकाऊ और भविष्य की शहरी जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।

Related Articles

Back to top button