उत्तर प्रदेश

राज्यपाल की अध्यक्षता में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर का 30वां दीक्षांत समारोह संपन्न

लखनऊ (SHABD) : राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर का 30वां दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ। समारोह में 75,800 उपाधियां प्रदान की गयीं जिसमें 27,718 उपाधियां छात्रों को तथा 48,082 उपाधियां छात्राओं को दी गयीं। 83 मेधावी विद्यार्थियों को 84 पदक प्रदान किए गए, जिनमें 52 छात्राएँ और 31 छात्र थे। वहीं 339 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई, जिनमें 119 महिला एवं 220 पुरुष शोधार्थी शामिल हैं। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने उद्बोधन मेें कहा कि ये आँकड़े स्पष्ट रूप से बताते हैं कि बेटियाँ शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही हैं, अपने सपनों को साकार कर रही हैं और अपने भविष्य के निर्माण के प्रति पहले से अधिक गंभीर एवं जागरूक हैं। उन्होंने कहा कि पदकों में छात्राओं की उल्लेखनीय भागीदारी उनकी प्रतिभा, परिश्रम और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। एक समय था जब समाज में बेटियों की शिक्षा पर अनेक सीमाएँ थीं, लेकिन आज वही बेटियाँ विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, शोध कार्य कर रही हैं, स्वर्ण पदक अर्जित कर रही हैं और देश के विकास की अग्रिम पंक्ति में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। राज्यपाल ने शोध के क्षेत्र में अधिक संख्या में पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले सभी शोधार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उपाधियों और पदकों में छात्राओं का प्रदर्शन प्रेरणादायक है। उन्होंने छात्रों से भी अधिक परिश्रम कर छात्राओं की तरह शिक्षा और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनपद जौनपुर एवं गाजीपुर के 500 आंगनबाड़ी केंद्रों को आंगनबाड़ी किट प्रदान की गई।

Related Articles

Back to top button