गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक

चमोली (SHABD) : गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में जल संस्थान को गैरसैंण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्रामीण निर्माण विभाग को भराड़ीसैंण हेलीपैड के निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ ही हेलीपैड की सुरक्षा के दृष्टिगत बाउंड्री वॉल का निर्माण भी प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने शहरी विकास विभाग व जिला पंचायत को विधानसभा सत्र के दौरान आवश्यकता के अनुरूप मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था और स्थायी शौचालयों का निर्माण करने तथा शिक्षा विभाग को विद्यालयों में हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।




