विश्व हिंदू परिषद ने शिक्षा सेवा की नई पहल की शुरुआत राजगढ़ में निशुल्क कोचिंग सेंटर व डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ, सेवा कार्यों को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने का आह्वान

राजगढ़। समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग ने एक नई पहल की है। शनिवार को विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के क्षेत्रीय सेवा प्रमुख विभूति भूषण पांडे के राजगढ़ प्रवास के दौरान नगर के बायपास रोड स्थित केके मेमोरियल पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए निशुल्क कोचिंग सेंटर एवं डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया।
विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग, नगर राजगढ़ द्वारा संचालित इस सेवा केंद्र में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को प्रतिदिन शाम 5 बजे से 7 बजे तक विषय विशेषज्ञों द्वारा निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा भी विकसित की गई है, जिससे वे आधुनिक तकनीक के माध्यम से अध्ययन सामग्री प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक तैयारी को और अधिक सशक्त बना सकेंगे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सेवा प्रमुख विभूति भूषण पांडे ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद केवल धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि सेवा, शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा संचालित सेवा कार्यों का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूर्ण समर्पण, निष्ठा और सेवा भाव के साथ समाज के बीच सक्रिय रहकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। ऐसे सेवा प्रकल्प विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनेंगे।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल सेवा विभाग की विभागीय बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में सेवा गतिविधियों के विस्तार, नए सेवा प्रकल्पों के संचालन, संगठन की आगामी कार्ययोजना तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने सेवा विभाग की योजनाओं को प्रत्येक नगर एवं ग्राम स्तर तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में प्रांत सेवा प्रमुख गोपाल राठी, अशोक अग्रवाल, विभाग मंत्री अशोक गुप्ता, विभाग सह मंत्री मोहन भाटी, जिला अध्यक्ष तेजेन्द्र उपाध्याय, जिला मंत्री मयंक जायसवाल, जिला सत्संग प्रमुख उमेश शर्मा, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख लखन गुर्जर, नगर मंत्री लोकेश शर्मा, हेमराज तंवर सहित राजगढ़ एवं सीहोर जिले के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



