Breaking News

कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश

 

 

 

राजगढ़  कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की प्रगति, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा खरीफ सीजन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री पानसिंह करोरिया, सहायक संचालक श्री प्रहलाद सिंह बारेला, श्री वसीम नयाता, श्रीमती दीक्षा राठौर सहित विभागीय अधिकारी एवं मैदानी अमला उपस्थित रहा।

 

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन अंतर्गत मोटे अनाज विशेषकर ज्वार एवं मक्का के गुणवत्तायुक्त बीजों का वितरण समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक किसान लाभान्वित हो सकें। उन्होंने राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल के तहत सोयाबीन बीज वितरण एवं किसान पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 

बैठक में राष्ट्रीय मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के अंतर्गत स्थापित बी.आर.सी. केंद्रों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया।

 

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत में कमी तथा मिट्टी की उर्वरता में वृद्धि होती है, इसलिए किसानों को इसके लाभों से अवगत कराया जाए। साथ ही पी.डी.एम.सी. योजना के अंतर्गत सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कराने तथा पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश कृषि विस्तार अधिकारियों को दिए।

 

बैठक में जून 2026 के दौरान सार्थक ऐप पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा की गई।उत्कृष्ट उपस्थिति दर्ज करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में उर्वरकों की उपलब्धता एवं ई-टोकन प्रणाली की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा ई-टोकन व्यवस्था को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दिशा में कृषि विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की उन्होंने सराहना भी की।

 

बैठक में पूसा अर्ली-16 किस्म के धान सहित कृषि क्षेत्र के नवीन तकनीकी नवाचारों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने मैदानी अमले को निर्देशित किया कि किसानों के बीच पहुंचकर आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों का प्रचार-प्रसार करें, जिससे जिले में उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Back to top button