Breaking News

जन कल्याण शिविर बना शासन और जनता के बीच सशक्त सेतु, नागरिकों ने उठाया योजनाओं का लाभ

 

 

राजगढ़

मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार 16 जून से 18 जून, 2026 तक जिले की विकासखंड सारंगपुर में तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवेदन प्रस्तुत किए।

 

शिविर में कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, राजस्व विभाग, जल निगम विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रत्येक विभाग द्वारा अपने विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी नागरिकों को प्रदान की गई तथा पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर आवश्यक स्वीकृतियां भी प्रदान की गईं। कार्यक्रम में  प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल एवं क्षेत्रीय सांसद श्री रोडमल नागर ने विशेष रूप से सहभागिता करते हुए विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया तथा उन्हें शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

 

शिविर के दौरान कृषि विभाग द्वारा फार्मर आईडी रजिस्ट्री के 117 प्रकरणों तथा कृषक ई-केवाईसी के 94 प्रकरणों का पंजीयन किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 185 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 54 बालिकाओं का पंजीयन किया गया, जबकि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 158 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। पंचायत विभाग द्वारा संबल योजना के तहत 11 नए पंजीयन किए गए। इसके अतिरिक्त अंत्येष्टि सहायता योजना के अंतर्गत 47 हितग्राहियों तथा अनुग्रह सहायता योजना के अंतर्गत 15 पात्र परिवारों को लाभ प्रदान किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल एवं सांसद श्री नागर द्वारा दुर्घटना में दिवंगत हुए नागरिकों के परिजनों को सहायता राशि के स्वीकृति पत्र एवं लाभ वितरित किए गए।

इस अवसर पर लाभार्थी परिवारों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के प्रथम दिवस 16 जून को महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों द्वारा मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में नवाचार को प्रोत्साहित करने हेतु विशेष कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता में महिलाओं ने पौष्टिक एवं नवाचारी व्यंजनों का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल द्वारा प्रोत्साहन राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने महिलाओं की आत्मनिर्भरता, कौशल एवं समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जन कल्याण शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त सेतु है। इन शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने, समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

 

सांसद श्री नागर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र नागरिक शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। जन कल्याण शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंच रहा है। इसके अतिरिक्त जनपद, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, जल निगम एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इसे जनसेवा और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button