ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उपस्थित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

राजगढ़, ।
सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बाबल्दा में आयोजित रात्रिकालीन चौपाल जनकल्याण शिविर में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग डॉ. गौतम टेटवाल एवं सांसद श्री रोडमल नागर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उपस्थित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने माननीय प्रधानमंत्री के ‘‘फ्यूल बचाओ’’ संदेश का पालन करते हुए कलेक्ट्रेट से सभी जिला अधिकारियों को बस के माध्यम से रात्रि चौपाल स्थल तक पहुंचाया, जिससे ईंधन संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने नाली निर्माण, बायपास सड़क, विद्युत व्यवस्था तथा श्मशान घाट मार्ग सहित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से उर्वरक प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा संतुलित पोषण के लिए एनपीके उर्वरकों के अधिकाधिक उपयोग की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री रोडमल नागर ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं पौष्टिक आहार स्वस्थ जीवन का आधार है तथा जैविक उत्पादों के उपयोग से बेहतर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकता है।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग डॉ. गौतम टेटवाल ने कहा कि ग्रामीणों की प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. टेटवाल ने ग्राम की सुंदरकांड समिति को प्रोत्साहन स्वरूप 10 हजार रुपये की नगद राशि तथा ढोलक एवं माइक सेट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। रात्रिकालीन चौपाल में जिले के सभी विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




