सारंगपुर बस स्टैंड को मिली नई सौगात 35 लाख रुपये के डामरीकरण कार्य का भव्य लोकार्पण

राजगढ़
नगर पालिका परिषद सारंगपुर द्वारा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर के प्रमुख बस स्टैंड परिसर में लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित डामरीकरण कार्य का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। इस विकास कार्य का लोकार्पण प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल एवं सांसद श्री रोडमल नागर द्वारा विधिवत किया।
नगर पालिका परिषद के अंतर्गत बस स्टैंड परिसर लंबे समय से जर्जर सड़क एवं धूल की समस्या से प्रभावित था। विशेष रूप से वर्षा ऋतु के दौरान यात्रियों, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। अब लगभग 35 लाख रुपये की लागत से किए गए डामरीकरण कार्य के पूर्ण होने से बस स्टैंड क्षेत्र का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है तथा आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हो गया है। लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास, बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड परिसर में किया गया यह डामरीकरण कार्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई दिशा देगा। इस कार्य से जहां यात्रियों को धूल और कीचड़ से राहत मिलेगी, वहीं स्थानीय व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा। बेहतर सड़क और सुव्यवस्थित परिसर के कारण बस स्टैंड क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा नागरिकों को अधिक सुविधाजनक वातावरण प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि नगर एवं क्षेत्र के विकास के लिए आगामी समय में भी अनेक जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।कार्यक्रम में उपस्थित सांसद श्री नागर ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार विकास के संकल्प को लेकर लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनका लाभ सीधे आमजन को मिल रहा है। उन्होंने बस स्टैंड डामरीकरण कार्य को नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति बताया। बस स्टैंड परिसर में हुए इस डामरीकरण कार्य को नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे हजारों यात्रियों, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

