सीबीएसई 12वीं परीक्षा अलर्ट, रांची प्रशासन ने ट्रैफिक और सुरक्षा के लिए किया विशेष इंतजाम

रांची (SHABD): कल रामनवमी के साथ सीबीएसई बारहवीं बोर्ड की परीक्षा भी है। विद्यार्थियों और अभिभावकों को परीक्षा केन्द्रों तक परेशानी न हो, इसके लिए रांची जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। परीक्षा और जुलूस को लेकर प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। अभिभावकों और परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। परीक्षा केंद्रों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक मार्ग और अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। सीबीएसई की ओर से 27 मार्च को आयोजित 12वीं बोर्ड परीक्षा के दिन रामनवमी पर्व के संयोग को देखते हुए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
परीक्षार्थियों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। रामनवमी के अवसर पर शहर में निकलने वाले पारंपरिक जुलूसों, संभावित भीड़ और यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार की गई है। परीक्षा केंद्रों तक परीक्षार्थियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक मार्ग (रूट डायवर्जन) निर्धारित किये गये हैं। जिला प्रशासन की ओर से अभिभावकों एवं परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। प्रशासन की ओर से समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। जुलूस मार्ग एवं परीक्षा केंद्रों के बीच समन्वय स्थापित कर ट्रैफिक संचालन की व्यवस्था के निर्देश दिये गये हैं।
साथ ही जिला प्रशासन की ओर से त्योहार के दौरान कुछ क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के आंशिक रूप से प्रभावित रहने की संभावना को देखते हुए अभिभावकों से अपील की गयी है कि वे परीक्षार्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की योजना बनाएं। साथ ही परीक्षार्थियों से समय से पहले घर से निकलने तथा निर्धारित मार्ग एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गयी है। जिला प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भड़काऊ, भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो साझा करने वालों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से अपील है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें। जिला प्रशासन रांची द्वारा परीक्षा एवं पर्व दोनों का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।




