संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही मिलेगा सम्मान, एकजुट होकर फहराएंगे जीत का परचम: अजय अवस्थी
धनपुरी में बुढ़ार ब्लॉक कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न; विधायक नारायण पट्टा और जिला अध्यक्ष की मौजूदगी में बनी रणनीति
मोहम्मद असलम बाबा

धनपुरी/शहडोल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार और जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में धनपुरी में बुढ़ार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। ब्लॉक अध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बिछिया विधायक एवं जिला प्रभारी नारायण पट्टा उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने की।
गांधी और विवेकानंद को दी पुष्पांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर उनके तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान कांग्रेस विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं: नारायण पट्टा
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी नारायण पट्टा ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है। अनुशासनहीनता करने वाले किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आगामी कार्ययोजना साझा करते हुए कहा:
बूथ कमेटियों का गठन: जल्द ही जमीनी स्तर पर कमेटियों को मजबूत किया जाएगा।
वार्ड समितियां: हर वार्ड में 20 से 25 सक्रिय सदस्यों की टीम बनाई जाएगी।
मनरेगा का बचाव: केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के नाम बदलने और बजट कटौती के प्रयासों का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी। पट्टा ने कहा कि कोरोना काल में संजीवनी बनी इस योजना का अस्तित्व खतरे में है।
सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिलेगा महत्व: अजय अवस्थी
जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी ने स्पष्ट किया कि अब संगठन में केवल उन्हीं चेहरों को महत्व मिलेगा जो धरातल पर सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर कर आगामी चुनावों में कांग्रेस एकजुट होकर मैदान में उतरेगी और जीत का परचम लहराएगी। वहीं, प्रदेश सचिव प्रदीप सिंह ने विश्वास जताया कि नाराज कार्यकर्ताओं को मना लिया जाएगा और जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस मध्य प्रदेश में सरकार बनाएगी।
नगरपालिका और विधानसभा फतह का संकल्प
धनपुरी नगरपालिका उपाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की ‘रीढ़ की हड्डी’ बताया। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक अध्यक्ष अंकित सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आलाकमान ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर मैं खरा उतरूंगा। घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाना और आगामी चुनावों में जीत दिलाना ही मेरा एकमात्र लक्ष्य है।”
बैठक में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
बैठक में पूर्व उपाध्यक्ष राम सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी उमा धुर्वे, मो. आजाद, सुजीत सिंह चंदेल, इबरार खान, संतोष सिंह सेंगर, नेता प्रतिपक्ष शोभाराम पटेल, अजय सिंह बघेल, रमेशवर गौतम, नरेंद्र चतुर्वेदी, पार्षद नईम खान, कमलेश कोल, मोहन बैगा, और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता जैसे नीलम सिंह, सुजाता बैरागी, नेहा खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


