मध्यप्रदेश

धनपुरी में दिनदहाड़े चोरी: घर के सामने से वॉटर कूलर पार, पुलिस से कार्रवाई की मांग

 

 

धनपुरी, शहडोल (दैनिक प्रदेश का गौरव )

धनपुरी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। ताजा मामला वार्ड क्रमांक 17 का है, जहां एक अज्ञात चोर ने दिनदहाड़े घर के सामने से वॉटर कूलर चोरी कर लिया। पीड़ित ने इस संबंध में थाना धनपुरी में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 17 निवासी मोहनलाल सोनी ने अपनी शिकायत में बताया कि 18 मार्च 2026 की सुबह करीब 5 बजे उनके घर के सामने बरामदे में रखा वॉटर कूलर अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है, जिसे पुलिस को सौंपा गया है।

पीड़ित का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं क्षेत्र में लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो चोरों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं और भविष्य में बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है।

मोहनलाल सोनी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और आम नागरिकों में विश्वास कायम हो सके।

फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button