बिहार-झारखण्‍ड

नालंदा में बीमा योजना से मृतक किसान के परिवार को 2 लाख की सहायता

धरमपुर (SHABD) :भारत सरकार की प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एक किफायती दुर्घटना बीमा योजना है, जिसके तहत दुर्घटना में मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये तक का बीमा कवर प्रदान किया जाता है। इस योजना ने नालंदा जिले के धरमपुर निवासी दिवंगत किसान सुरेश यादव के परिवार के लिए कठिन समय में संबल का कार्य किया।

मृतक के पुत्र राजीव कुमार ने बताया कि उनके पिता परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में उनकी पत्नी बेबी देवी सहित चार पुत्र हैं, जिनका भरण-पोषण सुरेश यादव ही करते थे। उन्होंने बताया कि एक दिन खेत में काम करने के दौरान अचानक तेज आंधी-तूफान आ गया और इसी दौरान उन पर बिजली गिरने से मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से परिवार गहरे शोक और आर्थिक संकट में डूब गया।

सुरेश यादव के निधन के बाद परिवार के समक्ष आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया। ऐसे कठिन समय में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जुड़ाव उनके परिवार के लिए सहारा बना। योजना के तहत उनकी पत्नी बेबी देवी को 2 लाख रुपये की बीमा राशि प्राप्त हुई, जिससे परिवार को आर्थिक राहत मिली।

बिहार ग्रामीण बैंक, धरमपुर शाखा के प्रबंधक उपेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि सुरेश यादव बैंक के ग्राहक थे और उन्होंने इस बीमा योजना का लाभ लिया था। उनके निधन के बाद नियमों के अनुसार परिजनों को 2 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।

जिला प्रशासन एवं बैंक अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की सरकारी योजनाएं संकट की घड़ी में गरीब एवं आम नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होती हैं। यह घटना इस बात का उदाहरण है कि छोटी सी पहल भी भविष्य में परिवार के लिए बड़ी सुरक्षा बन सकती है।

Related Articles

Back to top button