कलेक्टर ने बावड़ी की साफ-सफाई कर “जल गंगा संवर्धन अभियान” का किया शुभारंभ

*प्राचीन जल स्रोतों के जीर्णोद्धार का लिया संकल्प*
राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने गुरुवार को कोठी भाग स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में स्थित प्राचीन बावड़ी की साफ-सफाई कर “जल गंगा संवर्धन अभियान” का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वयं श्रमदान करते हुए बावड़ी की साफ-सफाई में सहभागिता की तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी जनभागीदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाने हेतु प्रेरित किया।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत जिले की प्राचीन बावड़ियों, कुओं एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण एवं जीर्णोद्धार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है और इस दिशा में सामूहिक प्रयासों से ही स्थायी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में स्थित प्राचीन जल संरचनाओं की पहचान कर उनके संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करें। साथ ही आमजन से भी अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जल स्रोतों के संरक्षण में सहयोग करें।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने तथा जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।।


