भाइयों ने खेत पर किया कब्जा, जमीन वापस पाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहा किसान

राजगढ़। जिले के जीरापुर तहसील के ग्राम कुंडालिया से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो पारिवारिक विवाद के साथ-साथ प्रशासनिक लापरवाही की ओर भी इशारा करता है। यहां एक किसान अपनी ही जमीन वापस पाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
ग्राम कुंडालिया निवासी देवीलाल गुर्जर ने बताया कि उसके नाम पर सर्वे नंबर 245 की करीब 1.9570 हेक्टेयर जमीन दर्ज है। यह जमीन पहले तीनों भाइयों के संयुक्त स्वामित्व में थी, लेकिन आपसी सहमति से बंटवारा हो चुका है और सभी अपने-अपने हिस्से में काबिज थे। इसके बावजूद उसके सगे भाई अर्जुन सिंह और बालचंद ने उसके हिस्से की जमीन पर कब्जा कर लिया।
पीड़ित के मुताबिक, 6 नवंबर 2025 को दोनों भाइयों ने ट्रैक्टर चालक प्रेमनारायण और ट्रैक्टर मालिक भोजराज को बुलाकर उसकी जमीन पर ट्रैक्टर चलवा दिया और खेत जोतकर कब्जा जमा लिया। जब वह अपनी पत्नी के साथ खेत पर पहुंचा और इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पत्थरबाजी की और हथियारनुमा वस्तुओं से हमला करने की कोशिश की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे डरकर उसे वहां से लौटना पड़ा।
देवीलाल का कहना है कि इस घटना के बाद से उसका परिवार दहशत में है। यह जमीन ही उनके परिवार के पालन-पोषण का एकमात्र साधन है, लेकिन कब्जा हो जाने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसने इस मामले की शिकायत पहले भी जीरापुर पुलिस से की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए और उन्होंने खुलकर जमीन पर कब्जा कर लिया।
मंगलवार को परेशान किसान अपनी पत्नी के साथ जिला मुख्यालय राजगढ़ पहुंचा। यहां उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्ट्रेट में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले से अवगत कराया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही अपनी जमीन से कब्जा हटवाकर उसे वापस दिलाने की गुहार लगाई।
किसान ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जल्द न्याय दिलाने की अपील की है। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है, वहीं यह घटना एक बार फिर जमीन विवादों और समय पर कार्रवाई न होने के कारण बढ़ते तनाव को उजागर करती है।



