मध्यप्रदेश

धनपुरी में रखी गई विशाल खेल मैदान की आधारशिला, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया आसमान

*इंट्रो*

धनपुरी नगर के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात की शुरुआत हो गई है। नगर पालिका धनपुरी के वार्ड क्रमांक 6 में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वृहद स्टेडियम का भूमि पूजन पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। वर्षों से चली आ रही नगरवासियों की मांग को साकार करते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला जैतपुर विधायक जय सिंह मरावी ने रखी। इस स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के लिए एक सशक्त मंच प्राप्त होगा।

 

*असलम बाबा*

 

धनपुरी शहडोल,नगर पालिका धनपुरी के वार्ड क्रमांक 6 में बहुप्रतीक्षित वृहद स्टेडियम निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला जैतपुर विधायक जय सिंह मरावी ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रखी। यह स्टेडियम नगर पालिका धनपुरी का एक ड्रीम प्रोजेक्ट माना जा रहा है, जिसकी लंबे समय से नगरवासियों और खेल प्रेमियों को प्रतीक्षा थी।

इस अवसर पर विधायक जय सिंह मरावी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और अनुशासन का सशक्त आधार है। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक स्टेडियम के निर्माण से धनपुरी और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी तथा स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के लिए एक सशक्त मंच प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह स्टेडियम आने वाले समय में क्षेत्र के खिलाड़ियों को नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका धनपुरी में आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। खेल अधोसंरचना को मजबूत करना भी इसी श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा और अवसर मिल सके।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति की सदस्य अमिता चपरा, नगर पालिका अध्यक्ष रविंदर कौर छाबड़ा तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूजा बुनकर ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्टेडियम केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि नगर के युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि नगरवासियों की वर्षों पुरानी मांग और खेल प्रेमियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को साकार करने का प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम में नगर के पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, बुद्धिजीवी वर्ग, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने इस परियोजना को धनपुरी के विकास और खेल संस्कृति के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।

नगरवासियों का मानना है कि इस वृहद स्टेडियम के निर्माण से न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि भविष्य में यहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से धनपुरी की पहचान एक उभरते हुए खेल केंद्र के रूप में भी स्थापित होगी।

धनपुरी में स्टेडियम निर्माण की यह आधारशिला न केवल विकास की नई इबारत लिखेगी, बल्कि युवाओं के सपनों को पंख देने वाली एक प्रेरणादायी पहल भी साबित होगी।

Related Articles

Back to top button