सहकारिता से आर्थिक सशक्तिकरण को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया टीजेएसबी सहकारी बैंक की रायपुर शाखा का शुभारंभ
रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब क्षेत्र में टीजेएसबी सहकारी बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रायपुर में टीजेएसबी सहकारी बैंक की नई शाखा खुलने से प्रदेश की सहकारी गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता की भावना हमें मिलजुलकर आगे बढ़ने और एक-दूसरे को मजबूत बनाने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने टीजेएसबी सहकारी बैंक की रायपुर शाखा में 24 घंटे संचालित होने वाले एटीएम का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने केशव बलिराम हेडगेवार के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी बैंक हमेशा आम आदमी के सबसे भरोसेमंद साथी रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस नई शाखा के खुलने से जरूरतमंदों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। छोटे दुकानदारों, स्वरोजगार से जुड़े लोगों और अपना व्यवसाय शुरू करने वाले युवाओं को इससे विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी इससे नई गति प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सहकार से समृद्धि” का जो विजन देशभर में आगे बढ़ रहा है, उसे छत्तीसगढ़ में भी तेजी से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता के इस मजबूत मॉडल को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टीजेएसबी बैंक ने एक छोटे से प्रयास के रूप में अपनी यात्रा शुरू की थी और आज इसका विस्तार कई राज्यों में हो चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रायपुर शाखा भी सहकारिता की इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के लोगों के जीवन में आर्थिक समृद्धि का नया मार्ग प्रशस्त करेगी।
इस अवसर पर टीजेएसबी बैंक के अध्यक्ष शरद गांगल, उपाध्यक्ष वैभव सिंगवी, व्यवस्थापकीय संचालक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी निखिल आरेकर सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।



