मध्यप्रदेश

नगर की कमान फिर ‘जनसेवक’ के हाथ: मोहम्मद साबिर दोबारा बने धनपुरी नगर कांग्रेस अध्यक्ष

प्रदेश नेतृत्व का बड़ा फैसला: जीतू पटवारी ने साबिर की सक्रियता पर लगाई मुहर, शहडोल से लेकर धनपुरी तक समर्थकों का भारी शक्ति प्रदर्शन

खास रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ धनपुरी/शहडोल। असलम बाबा मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन ने आगामी निकाय और सांगठनिक चुनौतियों को देखते हुए धनपुरी में अपने सबसे पुराने और भरोसेमंद सिपाही पर एक बार फिर दांव खेला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के स्पष्ट निर्देशन और शहडोल जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी की विशेष अनुशंसा पर मोहम्मद साबिर को पुनः धनपुरी नगर कांग्रेस अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति का आधिकारिक पत्र जारी होते ही पूरे अंचल के कांग्रेस गलियारों में हलचल तेज हो गई है और कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी व मिठाई बांटकर जश्न मनाया।

सक्रियता और संघर्ष का मिला प्रतिफल

मोहम्मद साबिर की यह नियुक्ति केवल एक सांगठनिक बदलाव नहीं, बल्कि उनकी पिछले वर्षों की जमीनी सक्रियता का इनाम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि मोहम्मद साबिर ने विपक्ष में रहते हुए भी सड़क से लेकर प्रशासन के गलियारों तक जनता की आवाज को मजबूती से बुलंद किया है। चाहे मजदूरों के हक की लड़ाई हो या वार्डों की मूलभूत समस्याओं का निराकरण, साबिर हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े नजर आए हैं। यही कारण है कि प्रदेश नेतृत्व ने किसी नए चेहरे के बजाय एक अनुभवी और ‘मास लीडर’ की छवि रखने वाले व्यक्ति पर भरोसा जताना उचित समझा।

गरीबों और वंचितों के ‘संकटमोचक’ बने साबिर

नगर के प्रबुद्धजनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि मोहम्मद साबिर का सार्वजनिक जीवन केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। वे समाज के हर वर्ग, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर और शोषित वर्ग के लिए ‘संकटमोचक’ की भूमिका निभाते रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, “सुख-दुख के हर पल में आधी रात को भी साथ खड़े रहने की उनकी कार्यशैली ने उन्हें जनता के बीच एक विशेष पहचान दिलाई है।” उनके साथियों का कहना है कि वे एक ऐसे ऊर्जावान और संघर्षशील नेता हैं, जो जनहित के मुद्दों पर प्रशासन से टकराने में भी पीछे नहीं हटते।

युवाओं में जोश, संगठन को मिलेगी नई धार

इस नियुक्ति के बाद धनपुरी नगर के युवाओं और छात्र राजनीति से जुड़े कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। समर्थकों का मानना है कि मोहम्मद साबिर के पास युवाओं की एक बड़ी टीम है, जो उनके एक आह्वान पर सक्रिय हो जाती है। उनकी कार्यक्षमता और सांगठनिक कौशल से आने वाले समय में कांग्रेस संगठन को ब्लॉक और बूथ स्तर पर नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बधाइयों का लगा तांता, नेतृत्व का जताया आभार

नियुक्ति की घोषणा के बाद मोहम्मद साबिर के निज निवास और कार्यालय पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, मित्रों, सहयोगियों और नगर के ऊर्जावान युवाओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। अपनी नियुक्ति पर मोहम्मद साबिर ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा— “यह जिम्मेदारी केवल मेरी नहीं, बल्कि हर उस कार्यकर्ता की है जो जनता की सेवा के लिए समर्पित है। हम सब मिलकर संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे और जनहित के मुद्दों को पूरी प्रखरता से उठाएंगे।”

Related Articles

Back to top button