हनुमान जन्मोत्सव पर राजगढ़ में होगा भव्य नि:शुल्क विवाह सम्मेलन, जरूरतमंद 5 कन्याओं के विवाह का उठाएगी मंदिर समिति
हनुमान जन्मोत्सव पर राजगढ़ में होगा भव्य नि:शुल्क विवाह सम्मेलन, जरूरतमंद 5 कन्याओं के विवाह का उठाएगी मंदिर समिति
लखन गुर्जर
राजगढ़। समाज सेवा और धार्मिक आस्था के संगम के रूप में इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर राजगढ़ शहर में एक सराहनीय पहल होने जा रही है। बड़ा पुल स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर समिति द्वारा आगामी 2 अप्रैल को भव्य नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 5 विवाह योग्य कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान और सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आज के समय में बढ़ती महंगाई के कारण कई गरीब और जरूरतमंद परिवार अपनी बेटियों के विवाह को लेकर आर्थिक परेशानियों से जूझते हैं। ऐसे परिवारों की मदद करने और समाज में सेवा व सहयोग की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से यह सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से जरूरतमंद कन्याओं का विवाह सम्मानपूर्वक और धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।
समिति ने नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनकी जानकारी में कोई ऐसी बहन या बेटी हो जो विवाह योग्य हो लेकिन आर्थिक रूप से विवाह करने में असमर्थ हो, तो उसकी जानकारी 10 मार्च से पहले मंदिर समिति को उपलब्ध कराएं। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पात्र कन्याओं का चयन कर उन्हें इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल किया जाएगा।
समिति के अनुसार 2 अप्रैल को आयोजित होने वाला यह विवाह सम्मेलन धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। आयोजन के दौरान सभी कन्याओं के विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराए जाएंगे। इसके साथ ही नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री भी भेंट स्वरूप प्रदान की जाएगी।


