Breaking News

राजगढ़ में मृत गायों का मामला: जांच की मांग पर चक्का जाम, 12 गौसेवकों पर प्रकरण दर्ज

 

राजगढ़ शहर के खिलचीपुर रोड स्थित शराब ठेके के समीप एक साथ 8 से 10 गायों के मृत अवस्था में मिलने की घटना मंगलवार को नगर में चर्चा का विषय रही। सुबह सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गौसेवक मौके पर पहुंचे तथा गायों की मृत्यु के कारणों को लेकर चिंता व्यक्त की।

नगर के गौसेवकों ने गायों की मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए उचित और निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना था कि यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर गौसेवकों द्वारा प्रदर्शन किया गया और मृत गायों को सड़क पर रखकर कुछ समय के लिए रोड जाम व चक्का जाम किया गया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।

सूचना मिलने पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मार्ग को खाली कराया गया और यातायात सामान्य किया गया।

घटना के संबंध में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट मनोहर कुल्हारे की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना राजगढ़ में अपराध क्रमांक 105/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मार्ग अवरोध को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 191(2) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 1956 की धारा 8 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

रोड जाम के मामले में 12 गौसेवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

दूसरी ओर, प्रशासन द्वारा मृत गायों का पोस्टमार्टम कराया गया। पशु चिकित्सकों की रिपोर्ट में गायों के पेट में बड़ी मात्रा में पॉलिथीन मिलने की पुष्टि हुई है। चिकित्सकीय राय के अनुसार पाचन तंत्र में पॉलिथीन फंसने से अवरोध उत्पन्न हुआ, जिससे उनकी मृत्यु हुई।

Related Articles

Back to top button